भीमताल के स्वास्थ्य व शिक्षा का मुद्दा सदन में उठा, विधायक कैड़ा ने किया उच्चीकरण की मांग

Estimated read time 1 min read





भीमताल। गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान भीमताल विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं का मुद्दा सदन में गूंजा। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का मामला उठाते हुए सरकार से अस्पतालों और विद्यालयों के उच्चीकरण की मांग की।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्रों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते ग्रामीणों को इलाज के लिए हल्द्वानी और नैनीताल की ओर रुख करना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सदन में राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा, ढोलीगांव, पहाड़पानी और रामगढ़ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने की मांग की। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी और भीमताल को उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने की आवश्यकता भी बताई।
विधायक कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडौन, कैड़ागांव, ककोड़, गौनियारों और भटेलिया सहित कई विद्यालयों को इंटर कॉलेज में उच्चीकृत करने की मांग करते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में रिक्त चल रहे शिक्षकों के पदों पर जल्द नियुक्ति करने की भी मांग की।
इस दौरान विधायक कैड़ा ने शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मुलाकात कर भीमताल क्षेत्र के अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन लगाने तथा तकनीशियनों की नियुक्ति करने की आवश्यकता से अवगत कराया। उन्होंने सरकार से क्षेत्र की शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours