भीमताल, 12 मार्च। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने गुरुवार को ओखलकांडा ब्लॉक के कालाआगर क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को तय समय में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि 22 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से संचालित जल जीवन मिशन योजना के तहत ओखलकांडा ब्लॉक के कुल नौ गांवों को पेयजल योजना से लाभान्वित किया जाएगा। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर पाइप पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने ब्लॉक कार्यालय ओखलकांडा का निरीक्षण किया। इस दौरान कई योजनाएं अपूर्ण पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर लंबित सभी योजनाओं को शीघ्र पूरा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक निधि और सांसद निधि से संचालित 98 योजनाओं में मानकों के अनुरूप कार्य नहीं पाए जाने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को इन योजनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मनरेगा के 836 कार्य भी अपूर्ण पाए गए।
एडीएम ने यह भी पाया कि 167 लाभार्थियों की वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन आधार लिंक बैंक खाते से न होने के कारण उनके खातों में भुगतान नहीं हो पा रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि समय-समय पर कैंप लगाकर डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि जिला योजना के तहत बनने वाले 13 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी को जल्द कार्य पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने आईटीआई ओखलकांडा सहित कई स्थानों पर आपदा निधि से चल रहे कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी देशराज, तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours