आलू बीमा और राशन डीलरों का मुद्दा सदन में गूंजा

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने गैरसैंण में चल रहे बजट सत्र के दौरान सदन में क्षेत्र के किसानों और सस्ता गल्ला विक्रेताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार से किसानों को आलू बीमा की राशि दिलाने और राशन डीलरों का बकाया किराया भुगतान कराने की मांग की।
विधायक कैड़ा ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र भीमताल के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र काश्तकार बाहुल्य क्षेत्र हैं, जहां अधिकांश किसान खेती-बाड़ी पर निर्भर होकर जीवन यापन करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष फसल को नुकसान होने के बावजूद SBI बीमा कंपनी द्वारा किसानों को आलू बीमा की राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक ने सदन में यह भी कहा कि लंबे समय से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के सस्ता गल्ला विक्रेताओं (राशन डीलरों) को खाद्य विभाग द्वारा परिवहन के लिए दिया जाने वाला गाड़ियों का किराया नहीं मिल पाया है। इसके कारण राशन डीलर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कई बीपीएल श्रेणी के पात्र परिवारों के नए राशन कार्ड भी नहीं बन पा रहे हैं, जिससे वे सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
विधायक कैड़ा ने नियम 53 के अंतर्गत सरकार से मांग करते हुए कहा कि SBI बीमा कंपनी पर कार्रवाई कर किसानों को जल्द से जल्द आलू बीमा की राशि का भुगतान कराया जाए, राशन डीलरों के बकाया किराये का भुगतान किया जाए तथा पात्र गरीब परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाएं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के अनुरूप मिनी स्टेडियमों का निर्माण शीघ्र शुरू करने की भी मांग सदन में उठाई।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours