डिजिटल मोड में होगी भारत की जनगणना 2027, प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

Estimated read time 0 min read





भीमताल , 26 फरवरी। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत द्वितीय दिवस का प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित प्रधान जिला जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मास्टर ट्रेनरों द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान अवश्य कर लें, ताकि वे अपने अधीनस्थ कार्मिकों को भी सटीक एवं प्रभावी जानकारी प्रदान कर सकें और भविष्य में जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला एवं एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत तथ्यों का व्यवस्थित एवं प्रामाणिक संकलन किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना प्रशासन की विश्वसनीयता और शासन की पारदर्शिता की भी परीक्षा है। आंकड़े अधूरे या त्रुटिपूर्ण न हों, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध, व्यवस्थित एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि विकास योजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 में पहली बार डिजिटल मोड के माध्यम से डेटा संकलन किया जाएगा। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक स्वयं अपने मोबाइल ऐप के जरिए आंकड़े एकत्र करेंगे। साथ ही जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से कार्यों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना दो पालियों में सम्पन्न होगी, इसलिए सभी कार्मिक समय की पाबंदी के साथ अपने दायित्व निभाएं। उन्होंने दोहराया कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्य बिना भेदभाव एवं पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपादित किए जाएं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर उपनिदेशक जनगणना प्रवीन कुमार ने जनगणना संबंधी विस्तृत जानकारी दी तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी/जिला जनगणना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी/सहायक जिला जनगणना अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours