भीमताल। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हरीश पनेरु ने भीमताल विधायक रामसिंह कैड़ा पर खनस्यूं में आयोजित दिव्यांग शिविर के दौरान चिकित्सकों के साथ अभद्रता एवं दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
जारी बयान में पनेरु ने कहा कि 23 फरवरी को आयोजित चिकित्सा शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जगदीप सिंह पटपटिया सहित अन्य चिकित्सकों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया गया। आरोप है कि चिकित्सकों पर अनुचित रूप से दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने का दबाव बनाया गया और मना करने पर देख लेने की धमकी दी गई।
प्रेस वक्तव्य के अनुसार, सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल हल्द्वानी के चिकित्सकों ने विधायक के कथित आचरण की निंदा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को सामूहिक पत्र भेजा है। पत्र में भविष्य में भीमताल विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सा शिविर आयोजित न करने की चेतावनी दी गई है।
पनेरु ने यह भी आरोप लगाया कि चिकित्सकों को कमरे में रोककर गलत कार्य करने का दबाव बनाया गया तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को फोन पर भी धमकी दी गई। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों में भय का वातावरण बन रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस प्रकरण में विधायक पक्ष की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।

+ There are no comments
Add yours