भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के नौली तोक एवं शिमाला तोक क्षेत्र में बाघ की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। मंगलवार सायं करीब छह बजे बाघ ने स्थानीय निवासी मनोज कुमार के कुत्ते को खींच लिया। घटना के दौरान कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और पत्थर फेंककर किसी तरह बाघ को वहां से भगाया।
स्थानीय निवासी सुरेंद्र सिंह पोखरिया ने बताया कि करीब दस दिन पूर्व भी बाघ ने उनके कुत्ते को मार दिया था। तब से क्षेत्र में बाघ की लगातार मौजूदगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने में भय महसूस कर रहे हैं।
कमला देवी ने कहा कि यदि उस समय कुत्ता बाहर न होता तो बाघ किसी व्यक्ति पर भी हमला कर सकता था। उन्होंने बताया कि बाघ घात लगाकर बैठा हुआ था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने घटना की सूचना रेंज अधिकारी विजय मेलकानी को दे दी है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाने, कैमरे लगाने और बाघ की पहचान कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

+ There are no comments
Add yours