भीमताल। ‘दो प्रमुख झीलों’ भीमताल और नौकुचियाताल को जोड़ने वाले मुख्य पर्यटन मार्ग की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने 6 किलोमीटर सड़क के उच्च कोटि डामरीकरण एवं पर्यटन दृष्टि से सौंदर्यीकरण की मांग उठाई है। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने लोक निर्माण विभाग से पूर्व निर्धारित किलोमीटर 1 और 2 के साथ-साथ किलोमीटर 3 और 4 में भी शीघ्र डामरीकरण कराने की मांग की है।
बताया गया कि भीमताल-नौकुचियाताल मार्ग पर कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है। सड़क पर धूल उड़ने से आसपास की दुकानों और घरों में धूल पहुंच रही है। सड़क किनारे उगी झाड़ियों से नालियां ढक गई हैं, जिनमें मिट्टी, पत्थर और रेत भरने से जल निकासी बाधित हो रही है। सड़क और नाली के बीच जमा मिट्टी के कारण वाहनों के गुजरते ही धूल का गुबार उठ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग को कई बार सड़क किनारे इंटरलॉक टाइल्स लगाने का सुझाव दिया गया, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही यू-टर्न, हेयरपिन और तीव्र मोड़ों पर पर्यटन व यातायात सुरक्षा के लिहाज से भी आवश्यक सुधार कार्य लंबित हैं।
पूरन बृजवासी ने कहा कि पर्यटन सीजन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को किलोमीटर 1 से 6 तक संपूर्ण सड़क का गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूर्व में विभाग द्वारा इस मार्ग के सौंदर्यीकरण हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन बजट स्वीकृत नहीं हो सका। उन्होंने मांग की कि पर्यटन सड़क निधि के अंतर्गत पुनः प्रस्ताव भेजकर बजट स्वीकृत कराया जाए, ताकि पूरे मार्ग का समुचित डामरीकरण और सौंदर्यीकरण हो सके।

+ There are no comments
Add yours