भीमताल। नगर की संकरी ब्लॉक रोड पर इन दिनों बड़ी-बड़ी गाड़ियों की आवाजाही तेज़ी से बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सायंकाल के समय यह मार्ग अत्यधिक भीड़भाड़ वाला रहता है, जहां बच्चे टहलने निकलते हैं और बुजुर्ग इवनिंग वॉक करते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार ब्लॉक रोड की चौड़ाई कम होने के बावजूद बड़े वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं, जिससे आमजन को असुविधा के साथ-साथ जानमाल का खतरा भी उत्पन्न हो रहा है। कई बार आमने-सामने वाहन आने से जाम की स्थिति भी बन जाती है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि संकरी सड़क पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जानी चाहिए तथा सायंकाल के समय विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि ब्लॉक रोड को ‘नो एंट्री’ जोन घोषित कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, जिससे आमजन सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें।

+ There are no comments
Add yours