भीमताल। प्रदेश में आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत शुक्रवार को सीआरएसटी इंटर कॉलेज नैनीताल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विधायक नैनीताल सरिता आर्या की अध्यक्षता तथा उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक के संचालन में संपन्न हुआ। यह अभियान पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।
शिविर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कुल 260 लोगों ने शिविर का सीधा लाभ उठाया।
शिविर में नगर पालिका नैनीताल अंतर्गत स्टानले कंपाउंड, रामलीला मैदान 7 नंबर एवं स्टाफ हाउस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, पेयजल और मार्ग सुधारीकरण की मांग रखी गई। उपजिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुराना घोड़ा स्टैंड क्षेत्र में महिला समूहों हेतु पूर्व में निर्मित दुकानों, जो सड़क चौड़ीकरण के दौरान हट गई थीं, के पुनर्निर्माण की मांग भी उठी। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पेयजल एवं विद्युत से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 102 तथा होम्योपैथिक विभाग द्वारा 40 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधि वितरण किया गया। श्रम विभाग ने 5 व्यक्तियों के पंजीकरण हेतु आवेदन भरे। पशुपालन विभाग ने 28 पशुपालकों को योजनाओं से लाभान्वित किया, जबकि मत्स्य विभाग ने 56 किसानों से आवेदन प्राप्त किए। विद्युत विभाग ने 4 उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया।
कृषि विभाग द्वारा 20 तथा उद्यान विभाग द्वारा 19 किसानों को बीज, रसायन एवं कृषि यंत्र उपादान प्रदान किए गए। उद्योग विभाग ने 32 लोगों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया। बाल विकास विभाग द्वारा 8 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। समाज कल्याण विभाग ने 10 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की। राजस्व विभाग ने प्रमाण पत्रों से संबंधित जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई।
शिविर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल रोहिताश शर्मा, सदस्य मंडी परिषद मनोज जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, दयाकिशन पोखरिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours