दोहरी बिलिंग से भड़के ग्रामीण, जल संस्थान पर लूट का आरोप; कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने दी आंदोलन की चेतावनी

Estimated read time 0 min read





भीमताल। धारी ब्लॉक के दुदुली समेत कई ग्राम सभाओं में पानी के बिल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जल संस्थान नैनीताल द्वारा कथित तौर पर मार्च 2026 तक अग्रिम जमा किए जा चुके बिल के बावजूद दोबारा बिल थमाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। मामले को लेकर भीमताल विधानसभा से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन भेजकर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
शर्मा ने कहा कि ग्रामीण पहले ही मार्च 2026 तक का बिल जमा कर चुके हैं, लेकिन विभाग ने जल जीवन मिशन के नाम पर पुनः उसी अवधि का बिल जारी कर दिया। उन्होंने इसे विभाग की लापरवाही ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों के साथ अन्याय बताया।
उन्होंने कहा कि एक ओर बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि से किसान परेशान हैं, वहीं क्षेत्र में बाघ का आतंक भी बना हुआ है। ऐसे हालात में राहत देने के बजाय दोबारा बिल भेजना संवेदनहीनता दर्शाता है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि दुदुली गांव में जल जीवन मिशन की योजना पहले से ही अनियमितताओं के आरोपों में घिरी है और एसडीएम स्तर की जांच चल रही है। योजना अधूरी है, कई स्थानों पर पाइपलाइन व टंकियों में लीकेज हैं तथा कार्य मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। पुरानी लाइनों को भी अव्यवस्थित कर दिया गया है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ग्रामीण योजना की खामियों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा गुणवत्ता सुधार के निर्देश दिए जाने के बावजूद कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। यदि एक सप्ताह के भीतर दोहरी बिलिंग रद्द नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य गुनियालेख अमित कुमार ने भी जल जीवन मिशन के नाम पर हो रही कथित अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours