‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ से आमजन को राहत: मुख्यमंत्रीचिन्यालीसौड़ व गौचर हवाई पट्टी सेना के माध्यम से संचालित करने की तैयारी

चिन्यालीसौड़। विकासखंड परिसर चिन्यालीसौड़ में गुरुवार को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही अधिकारियों की मौजूदगी में निस्तारण कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इस अभियान से आमजन को बड़ी राहत मिली है और प्रशासनिक व्यवस्था पहले से अधिक सुलभ व पारदर्शी बनी है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेशभर में 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें पांच लाख से अधिक लोग प्रतिभाग कर चुके हैं तथा 40 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी सोच के साथ गांव-गांव में शिविर लगाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

अप्रैल से चारधाम यात्रा, हेली सेवा का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हेली सेवाओं के विस्तार को लेकर सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। चिन्यालीसौड़ और गौचर हवाई पट्टियों से हेली सेवा प्रारंभ की जाएगी। दोनों हवाई पट्टियों का संचालन सेना के माध्यम से करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा प्रारंभ हो जाएगी और सरकार ने तैयारियां पहले से शुरू कर दी हैं, ताकि श्रद्धालु अच्छा अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा संचालन में स्थानीय हितधारकों, तीर्थ पुरोहितों, होटल व्यवसायियों व टैक्सी संचालकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है और उत्तराखंड इसमें महत्वपूर्ण योगदान देगा। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। अब तक दो लाख से अधिक लखपति दीदियों को सशक्त किया जा चुका है।

स्थानीय मांग पर मुख्यमंत्री ने सीएचसी चिन्यालीसौड़ व महाविद्यालय के उच्चीकरण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल करने का आश्वासन दिया।

संयुक्त टीमों से होगा त्वरित समाधान

मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। पांच लाख से अधिक नागरिकों ने इसमें भाग लिया है तथा 40 हजार से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव नहीं है, उन्हें ऑनलाइन दर्ज कर नियमित फॉलोअप किया जाएगा।

कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours