नैनीताल में ईमेल धमकियों से दहशत, बार संघ ने न्यायालय सुरक्षा को लेकर जताई गंभीर चिंता

Estimated read time 0 min read





भीमताल। लगातार दो दिनों से ईमेल के माध्यम से मिल रही धमकियों के बाद जिला बार संघ नैनीताल के पदाधिकारियों ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जताई है। इस संबंध में बार संघ की ओर से जिला जज को पत्र भेजकर तत्काल प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
बार संघ के सचिव दीपक रूवाली ने बुधवार को जिला जज को सौंपे गए पत्र में कहा कि पिछले दो दिनों से अज्ञात स्रोतों से ईमेल के माध्यम से धमकियां प्राप्त हो रही हैं। इसके बावजूद न्यायालय परिसर में अपेक्षित सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आ रही है, जिससे अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों एवं वादकारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए न्यायालय परिसर में सख्त और प्रभावी सुरक्षा प्रबंध किया जाना अत्यंत आवश्यक है। बार संघ पदाधिकारियों ने जिला जज से आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर न्यायालय परिसर की सुरक्षा तत्काल सुनिश्चित कराई जाए, ताकि सभी न्यायिक कार्य सुरक्षित और निर्भीक वातावरण में संपन्न हो सकें।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours