लालकुआं में बहुउद्देशीय शिविर: किसानों को हरसंभव मदद का भरोसा, गरीबों के आवास का किराया नहीं बढ़ेगा

भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चल रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बुधवार को नगर पंचायत लालकुआं परिसर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की।
शिविर में क्षेत्र के लोगों ने सिंचाई, विद्युत, सड़क, पेयजल, आवास एवं अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
नगर पंचायत क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बने आवासों का किराया बढ़ाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्व निर्धारित दरों पर ही किराया लिया जाए। किसी भी परिवार पर अतिरिक्त भार न डाला जाए।
पेयजल समस्या पर भी जल संस्थान को दो दिन के भीतर घर-घर जाकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जर्जर भवनों की मरम्मत के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था से समन्वय कर शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए गए।
—————————————————————-
किसानों की समस्याओं पर सख्त रुख

शिविर में विभिन्न गांवों से आए किसानों ने क्षतिग्रस्त सिंचाई गूलों की मरम्मत, नई गूलों के निर्माण, नहरों की सफाई एवं अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।जिलाधिकारी रयाल ने स्पष्ट कहा—
“किसानों की आर्थिकी की मजबूती हेतु जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा।”
उन्होंने सिंचाई, लघु सिंचाई एवं नलकूप विभाग को निर्देश दिए कि सभी गूलों व नहरों की मरम्मत, सफाई एवं नए प्रस्ताव जिला योजना में शामिल किए जाएं। अतिक्रमण हटाने के भी सख्त निर्देश दिए गए।

——————————————————————————
लो वोल्टेज, अवैध शराब और प्रदूषण पर कार्रवाई

ग्रामीणों ने लो वोल्टेज की समस्या उठाते हुए अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत पर राजस्व, पुलिस व आबकारी विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के आदेश दिए गए।
पेपर मिल से हो रहे प्रदूषण की शिकायत पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से जांच कर उत्सर्जन मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की बात कही गई।

—————————————————————————
105 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान

शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान हेतु 15 दिन की समयसीमा तय की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने 125 लोगों का निःशुल्क परीक्षण कर दवाएं वितरित कीं। आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, पशुपालन, कृषि, उद्योग, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने योजनाओं का लाभ प्रदान किया। आधार कार्ड, प्रमाण पत्र, बीपीएल नकल, जन्म-मृत्यु पंजीकरण जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लौटनी, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours