विकासनगर में खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

Estimated read time 1 min read





भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विकासनगर में स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम न केवल आस्था के आराध्य हैं, बल्कि हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले हारे के सहारे भी हैं। जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, बाबा उसकी झोली कृपा से भर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और धार्मिक आयोजनों में उमड़ती श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से उन्हें राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से राज्य की सेवा करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण भी आवश्यक है। समर्पित भाव से किए गए कार्यों में सफलता निश्चित होती है। उन्होंने कहा कि जीवन में जो कुछ भी प्राप्त होता है, वह ईश्वर की कृपा से ही संभव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिस दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours