भीमताल । कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर न्यायालय में लंबित वादों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि न्यायिक मामलों के निस्तारण में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा तथा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने आयुक्त का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि फरियादियों को समय पर न्याय मिल सके।
आयुक्त ने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, बहुमूल्य एवं ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण और उनके डिजिटलीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख बस्तों पर वर्षवार स्टीकर लगाए जाएं, जिससे दस्तावेजों की पहचान और खोज में आसानी हो। साथ ही स्वतंत्रता पूर्व के अभिलेखों को अलग से सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने आमजन को दी जा रही सेवाओं पर संतोष जताया, साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जनसेवा में जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours