भीमताल। विधानसभा भीमताल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने हल्द्वानी स्थित चंदन अस्पताल से जुड़े प्रकरण पर कड़ा बयान जारी करते हुए निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल में मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार की शिकायतें सामने आ रही हैं और अभद्र स्टाफ के कारण लोगों में रोष है। शर्मा ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी के अधिकांश निजी अस्पताल “लूट का अड्डा” बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत और भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाता है, वहां इस प्रकार की स्थिति चिंताजनक है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकारी अस्पताल पहले ही रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं। भीमताल विधानसभा सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र की जनता मजबूरी में निजी अस्पतालों का रुख कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अस्पताल बड़े शहरों के डिफॉल्टर डॉक्टरों के सहारे संचालित हो रहे हैं और मरीजों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। शर्मा ने सरकार से मांग की कि निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा सरकारी अस्पतालों में आधारभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि फाइव स्टार होटलों की तर्ज पर बने निजी अस्पताल पहाड़ की जनता का आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भीमताल विधानसभा के अंतर्गत अधिकांश सरकारी अस्पताल बदहाल स्थिति में हैं। कई अस्पतालों में शौचालय, बाथरूम जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों को मामूली जांच के लिए भी भारी शुल्क चुकाना पड़ रहा है।
शर्मा ने कहा कि यदि निजी अस्पतालों द्वारा जनता का शोषण जारी रहा तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है और आम जनता त्रस्त है।

+ There are no comments
Add yours