जल जीवन मिशन में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप, मनोज शर्मा ने दी गांव-गांव पोल खोलने की चेतावनी

Estimated read time 1 min read





भीमताल : विधानसभा क्षेत्र भीमताल में संचालित “जल जीवन मिशन” की योजनाओं को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मिशन में व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की योजनाएं भ्रष्ट नेताओं, नौकरशाहों और माफियाओं के गठजोड़ की भेंट चढ़ चुकी हैं।
शर्मा ने कहा कि लगातार ज्ञापन सौंपने, धरना-प्रदर्शन और घेराव के बावजूद अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि पुरानी पेयजल लाइनों और जल स्रोतों के साथ छेड़छाड़ की गई है, जिससे आगामी गर्मी में पेयजल संकट गहराने की आशंका है।
उन्होंने मौसम वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए कहा कि इस वर्ष प्रचंड गर्मी पड़ने की संभावना है। ऐसे में यदि व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त नहीं की गईं तो आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
शर्मा ने चेतावनी दी कि गर्मी शुरू होते ही वह “जनता की अदालत” में जाएंगे और अपने साथियों के साथ गांव-गांव जाकर ढोल बजाकर कथित महाभ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि विकास योजनाओं की राशि कहां और कैसे खर्च की गई। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours