भीमताल। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर राम सिंह कैड़ा तथा दीपा दर्मवाल ने शनिवार को छोटा कैलाश मंदिर में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले का भटेलिया में फीता काट कर विधिवत शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर स्थानीय महिलाओं एवं ग्रामीणों द्वारा पहाड़ी संस्कृति व परंपराओं के अनुरूप कलश यात्रा के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।जगह जगह लोग भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे।
विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि महाशिवरात्रि पर छोटे कैलाश मंदिर में प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में शिवभक्त पूजा-अर्चना हेतु पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर के समग्र विकास एवं पर्यटन से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। छोटे कैलाश मंदिर को ‘मंदिर माला मिशन योजना’ से जोड़ने हेतु मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया है। भविष्य में इस मेले को और अधिक सुव्यवस्थित व भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
विधायक ने मंदिर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किए जाने की बात कही। साथ ही पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने विधायक का फूल मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, अनिल चनोतिया, कमलेश भट्ट, तिलोचन पलड़िया, आनंद दर्मवाल, उमेश पलड़िया, संतोष शर्मा, राघव, प्रधान रोहित पलड़िया, लीला देवी, पंकज महरा, महेश बेलवाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष व पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours