हल्द्वानी में जिला विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक, आवासीय मानचित्र 15 व व्यावसायिक 30 दिन में स्वीकृत करने के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण के सचिव, संयुक्त सचिव सहित सभी सहायक एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में लंबित आवासीय एवं गैर-आवासीय मानचित्रों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि आवासीय मानचित्रों को 15 दिन तथा गैर-आवासीय (व्यावसायिक) मानचित्रों को 30 दिन के भीतर स्वीकृत किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन मानचित्रों में आपत्ति हो, उनमें एक ही बार में संपूर्ण विवरण के साथ आपत्तियां दर्शाकर आवेदक को अवगत कराया जाए तथा उनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र आवश्यक है, उन विभागों को प्रत्येक सप्ताह अनुस्मारक पत्र भेजा जाए।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सहायक अभियंता सप्ताह में अवर अभियंताओं के साथ समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने सचिव एवं संयुक्त सचिव को भी समय-समय पर समीक्षा एवं क्षेत्रीय निरीक्षण करने तथा निर्धारित समय सीमा में मानचित्र स्वीकृति हेतु निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, संयुक्त सचिव गोपाल सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours