नैनीताल में अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा हर्मिटेज परिसर

Estimated read time 1 min read





भीमताल। मेरा युवा भारत नैनीताल द्वारा युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 9 से 13 फरवरी तक हर्मिटेज, यूजीसी–एमएमटीटीसी, कुमाऊँ विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का अंतिम दिवस उत्साह, अनुशासन और सांस्कृतिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिहार के पटना, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, वैशाली एवं समस्तीपुर जिलों से आए 37 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
अंतिम दिवस की शुरुआत प्रातः योग सत्र से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने नैना देवी मंदिर में दर्शन किए। नगर पालिका परिषद नैनीताल द्वारा आयोजित नैनीताल झील में नौकायन कार्यक्रम का भी प्रतिभागियों ने आनंद लिया।
समापन समारोह में विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऐपन प्रतियोगिता में समस्तीपुर के आयुष प्रथम, वैशाली की प्रतीक्षा द्वितीय तथा पटना के सूरज तृतीय रहे। समस्तीपुर टीम को ‘सर्वश्रेष्ठ अनुशासन पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक सरिता आर्या ने जिले में मेरा युवा भारत (पूर्व में नेहरू युवा केंद्र) द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समझ और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कार्यक्रमों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गोपाल सिंह रावत ने भी युवाओं के अनुशासन एवं सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में उप निदेशक, मेरा युवा भारत नैनीताल डोल्वी तेवतिया ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।
समारोह का संचालन पुष्कर दानू एवं अजय कोहली द्वारा किया गया। कार्यक्रम ने युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सद्भाव को सशक्त करने का संदेश दिया।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours