भीमताल विकास भवन में विधायक कैड़ा ने ली उच्चस्तरीय बैठक, वन्यजीव आतंक व किसानों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने विकास भवन भीमताल में वन विभाग, उद्यान विभाग एवं एसबीआई बीमा कंपनी के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं पर चर्चा की तथा त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में बाघ एवं गुलदार के हमलों में अब तक चार महिलाओं की मौत हो चुकी है, लेकिन अभी तक किसी भी बाघ अथवा गुलदार को आदमखोर घोषित नहीं किया गया है। साथ ही पकड़े गए गुलदारों की डीएनए रिपोर्ट भी अब तक प्राप्त नहीं हो पाई है। उन्होंने इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए आदमखोर बाघ/गुलदार की शीघ्र पहचान, डीएनए रिपोर्ट तत्काल मंगाने तथा वन्यजीव आतंक से प्रभावित गांवों में प्रभावी सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि जंगल से सटे गांवों में सौर ऊर्जा लाइट लगाने, चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गांव-गांव में बाघ व गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
इसके साथ ही विधायक कैड़ा ने वन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धारी, रामगढ़, ओखलकांडा एवं भीमताल क्षेत्र में अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी की भारी कमी है, जिसके कारण लोगों को मजबूरन जंगल से कच्ची लकड़ी काटनी पड़ रही है, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। उन्होंने रानीबाग की तर्ज पर ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ व भीमताल ब्लॉकों में अलग-अलग स्थानों पर लकड़ी के स्टाल स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ आमजन को सुविधा मिल सके।
बैठक में उद्यान विभाग एवं एसबीआई बीमा कंपनी के अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए विधायक ने कहा कि भीमताल, धारी, रामगढ़ व ओखलकांडा क्षेत्र के किसानों को अभी तक आलू बीमा का समुचित लाभ नहीं मिल पाया है। कई मामलों में किसानों द्वारा जमा की गई प्रीमियम राशि की तुलना में बेहद कम बीमा राशि दी गई है। विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसानों के साथ इस प्रकार का मजाक बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने किसानों को उनकी फसल क्षति के अनुरूप उचित आलू बीमा राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडल अध्यक्ष भीमताल कमल जोशी, मंडल अध्यक्ष अंकित पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, जिला मंत्री मनोज भट्ट, प्रकाश चंद्र नानू, अनिल चनोतिया, दिनेश सागुड़ी, कमलेश बिष्ट, गोपाल बिष्ट, प्रदीप पाठक, पंकज जोशी, भवान बिष्ट सहित वन विभाग के डीएफओ नैनीताल, डीएलएम नैनीताल, एसडीओ वन विभाग, एसबीआई बीमा कंपनी व उद्यान विभाग के उच्च अधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours