हल्द्वानी मीडिया सेंटर में पत्रकारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 100 से अधिक ने लिया लाभ
भीमताल। पत्रकारों की व्यस्त एवं अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के सहयोग से किया।
शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल तथा संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ ही शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांच की निशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत रोग एवं सामान्य रोग विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद आवश्यक दवाओं का भी निशुल्क वितरण किया गया।
हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों और उनके परिजनों ने शिविर में भाग लिया। 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।
संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
प्रातः शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
शिविर में डॉ. आर.एस. कुंवर (फिजिशियन), डॉ. सुधांशु सिंह (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. पी.एस. खोलिया (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. अनीता पवार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. विजय (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. दीप्ति (दंत रोग विशेषज्ञ), फार्मेसिस्ट दीपा सुनारी सहित मेडिकल टीम, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा जोशी, सूचना अधिकारी अहमद नदीम एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours