183 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण—जिलाधिकारी
भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार आम जनमानस को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बुधवार को उत्कृष्ट पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की।
शिविर में बिजली, सड़क, पेयजल, पार्किंग, कूड़ा निस्तारण, अतिक्रमण, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 183 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
सभासद पारस गोला एवं राजीव अग्रवाल द्वारा जिला विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्राधिकरण के लिए तहसील कार्यालय में तत्काल कक्ष उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पुराने मकानों की मरम्मत पर केवल सूचना लेने, कॉमर्शियल निर्माण के लिए सिंगल विंडो सिस्टम से आवेदन कराने तथा प्रत्येक 15 दिन में क्षेत्र भ्रमण कर समस्याओं के समाधान के निर्देश सचिव जिला विकास प्राधिकरण को दिए। अवैध नशे की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने पुलिस, आबकारी व एलआईयू अधिकारियों के साथ बैठक कर नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, सप्लाई चेन तोड़ने, हैंडलर व बड़ी खेप पकड़ने तथा आदतन अपराधियों पर गुंडा एक्ट में कार्रवाई के निर्देश दिए।
सलमान सलमानी द्वारा 115 बच्चों के सापेक्ष शिक्षकों की कमी का मामला उठाने पर जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय खताड़ी में शिक्षकों की संख्या चार करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। वहीं पीपलसाना ग्राम प्रधान हरीश की मांग पर ट्राइबल क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क निर्माण सहित आवश्यक प्रस्ताव टीएसपी (ट्राइबल सब एरिया प्लान) में भेजने के निर्देश समाज कल्याण अधिकारी को दिए गए।
रश्मि द्वारा सोलर प्लांट पर राज्य सब्सिडी न मिलने की शिकायत पर परियोजना निदेशक उरेडा को निर्देश दिए गए कि 31 मार्च 2025 से पूर्व स्थापित सभी सोलर प्लांटों के प्रकरण शासन को भेजे जाएं। कोसी नदी में भू-कटाव रोकने की मांग पर मानसून से पहले ड्रेजिंग व चैनलाइजेशन के निर्देश सिंचाई विभाग को दिए गए।
शहर में झूलते बिजली के तारों की शिकायत पर विद्युत विभाग को सभी वार्डों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ढिकुली क्षेत्र में अवैध कब्जों की शिकायत पर शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित शिकायतों पर काशीपुर-रामनगर रोड निर्माण में तेजी तथा ब्लैक स्पॉट्स पर हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष समस्याओं का समाधान सरलीकरण, निस्तारण एवं संतुष्टि के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में नगर पालिका द्वारा 21 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने 222, आयुर्वेदिक विभाग ने 62, होम्योपैथिक विभाग ने 32 व्यक्तियों का उपचार किया। कृषि विभाग ने 27 किसानों को किसान सम्मान निधि, बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट व सेनेटरी नेपकिन वितरित किए। राजस्व विभाग के 67 आवेदनों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
शिविर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, चेयरमैन हाजी मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया, उप निदेशक सीटीआर राहुल मिश्रा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours