भीमताल। मेरा युवा भारत नैनीताल, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में पांच दिवसीय अंतर राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन यूजीसी मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, नैनीताल में 9 से 13 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। कार्यक्रम में अतिथि राज्य बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पटना, वैशाली एवं बेगूसराय से सात-सात युवा प्रतिभागी एवं दो ग्रुप लीडर शामिल हो रहे हैं। कुल 37 प्रतिभागी कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं, जिनमें ग्रुप लीडर के रूप में मुजफ्फरपुर से चंदन एवं वैशाली से श्वेता शामिल हैं।
सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अध्यक्ष नगर पालिका नैनीताल डॉ. सरस्वती खेतवाल एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के कुलपति प्रो. दीवान सिंह बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक नैनीताल की छात्राओं ने कुमाऊंनी संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. सरस्वती खेतवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम देश के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भारत की अनेकता में एकता का संदेश मिलता है और वे देश के विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति से परिचित होते हैं। उन्होंने मेरा युवा भारत नैनीताल द्वारा समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए सभी युवाओं का नैनीताल में स्वागत किया तथा 12 फरवरी को नैनीताल झील में प्रतिभागियों को निःशुल्क नौकायन सुविधा प्रदान करने की घोषणा की।
कुलपति प्रो. दीवान सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्व के प्राचीनतम विश्वविद्यालयों का उल्लेख करते हुए भारत के गौरवशाली शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक इतिहास को याद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और इस युवा शक्ति का सकारात्मक उपयोग कर “विकसित भारत” के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों को डीएसबी परिसर स्थित संग्रहालय का भ्रमण करने की सलाह दी।
कार्यक्रम की आयोजक मेरा युवा भारत नैनीताल की उप निदेशक अधिकारी डाल्वी तेवतिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पांच दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में पुष्कर दानू उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में महिला शक्ति स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुनीता आर्य एवं रेणु कोहली द्वारा उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर एवं ऐपन कला की विस्तृत जानकारी दी गई तथा गेरू एवं बिसवार से लक्ष्मी चौकी बनाकर उसका जीवंत प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में आरती, अजय सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा।

+ There are no comments
Add yours