12.58 करोड़ की पांच योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
भीमताल। जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश सरकार द्वारा विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन भीमताल पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की कुल पांच योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 945.99 लाख रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 312.13 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया गया। इस प्रकार कुल 1258.12 लाख रुपये की योजनाओं को हरी झंडी दी गई।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के अंतर्गत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। राज्य के सभी जनपदों में नए पंचायत भवनों का निर्माण तथा पुराने भवनों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़कों की कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है और अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि दीन दयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 1118 लोग इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।
कैबिनेट मंत्री ने विकास भवन सभागार में जन संवाद करते हुए जनपद में संचालित विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंचीधाम बायपास निर्माण कार्य हर हाल में 15 जून तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि 75 मीटर स्पान के पुल के निर्माण में विलंब की संभावना हो तो अस्थायी रूप से वैली ब्रिज की व्यवस्था कर बायपास मार्ग को निर्धारित तिथि तक यातायात के लिए खोल दिया जाए।
उन्होंने जनपद की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शासन को भेजने तथा भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों के निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षतिग्रस्त गूलों एवं नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से करने, भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने तथा ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने झीलों, नदियों व तालाबों से गाद हटाने एवं नदियों को वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइज करने के लिए आधुनिक मशीनरी खरीदने का प्रस्ताव भी तैयार करने को कहा।
पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में उन्होंने गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने, कूड़ा निस्तारण में कॉम्पैक्टर के उपयोग तथा सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने होम स्टे में स्वच्छ शौचालय एवं साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours