भीमताल। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले के समस्त परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों से परीक्षा अवधि के दौरान संयम, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि परीक्षा जीवन यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अवश्य है, लेकिन इसे भय, तनाव या अत्यधिक दबाव का कारण नहीं बनने दिया जाना चाहिए। परीक्षाएं विद्यार्थियों के ज्ञान और अभ्यास की परख होती हैं, न कि उनके व्यक्तित्व, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम निर्णय।
उन्होंने परीक्षार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी दिनचर्या को सरल, संतुलित और नियमित रखें। पर्याप्त विश्राम, समयबद्ध अध्ययन और स्वस्थ मानसिक स्थिति के साथ परीक्षा देने से ही अपनी वास्तविक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। अत्यधिक अंक प्राप्त करने की चिंता कई बार सहज ज्ञान को भी प्रभावित कर देती है, जबकि शांत और स्वाभाविक मन से किया गया प्रयास अधिक प्रभावी होता है। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का बोझ न डालें। इस समय बच्चों को दबाव या भय नहीं, बल्कि विश्वास, सहारा और स्नेह की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है और सफलता के मार्ग भी अनेक हैं, इस समझ का विकास आज के समय की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंक जीवन के किसी एक पड़ाव को निर्धारित कर सकते हैं, लेकिन जीवन की दिशा नहीं। संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही दीर्घकालीन सफलता की सशक्त आधारशिला होती है। जिला प्रशासन नैनीताल सभी परीक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, मानसिक संतुलन एवं सफल परीक्षा की कामना करता है।

+ There are no comments
Add yours