भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरटीओ कार्यालय में किसी भी प्रकार का एजेंट अधिकृत नहीं है और यदि कोई बाहरी व्यक्ति या एजेंट कार्यों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि आरटीओ कार्यालय जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, नवीनीकरण एवं अन्य मोटर वाहन संबंधी सेवाओं का केंद्र है, जो सीधे आम जनता से जुड़ा है। ऐसे में इन कार्यों में बाहरी व्यक्तियों की भूमिका स्वीकार्य नहीं है। निरीक्षण के दौरान इस तरह की शिकायतों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने परिवहन अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में सभी कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में कार्यालय आएंगे तथा उनके पास नेम प्लेट और आईकार्ड अनिवार्य रूप से होना चाहिए। साथ ही जिस पटल पर कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां भी नेम प्लेट लगाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यालय में आने वाले नागरिकों को सही जानकारी एवं सुविधा मिल सके। उन्होंने आरटीओ को कार्यालय की नियमित मॉनिटरिंग के साथ चेकिंग अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि कार्यालय में सभी सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में रहें तथा शिकायत पेटी अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग शीघ्र कार्य कराने का दावा करते हैं, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त डीएम ने निर्देश दिए कि आरटीओ कार्यालय के मुख्य द्वार पर एक फ्लेक्सी लगाई जाए, जिसमें स्पष्ट रूप से अंकित हो कि इस कार्यालय में सरकार द्वारा कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं है तथा सभी नागरिक सेवाएं निर्धारित दरों पर और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन अरविंद पाण्डे, संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन गुरुदेव सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours