भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में एडीबी वित्त पोषित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के अंतर्गत संचालित विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में हल्द्वानी शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आमजन को हो रही असुविधा को देखते हुए एडीबी से संबंधित सभी कार्य मानसून से पूर्व हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या समन्वय की कमी से कार्य प्रभावित नहीं होने चाहिए। इसके लिए नियमित समीक्षा की जाएगी।
बैठक में यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि परियोजनाओं से संबंधित विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रगति पर है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग एवं स्टेकहोल्डर आपसी समन्वय के साथ कार्य कर अनुमतियों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करें।
डीएम ने नगर के जिन क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया जाना है, वहां लोक निर्माण विभाग एवं कार्यदायी संस्था को शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त एवं उपजिलाधिकारी हल्द्वानी को प्रत्येक सप्ताह सभी कार्यदायी संस्थाओं के साथ स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्य समयसीमा में पूरे हो सकें।
बैठक में शनि बाजार नाले को सिंचाई नहर में मिलाए जाने से किसानों को हो रही समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों के साथ तत्काल बैठक कर त्वरित समाधान निकालने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बरेली रोड पर चिह्नित अतिक्रमण को भी शीघ्र हटाने के आदेश दिए गए।
नमो भवन निर्माण की वर्तमान प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शासन से वित्तीय स्वीकृति प्राप्त न होने पर परियोजना प्रबंधक को पुनः शासन से पत्राचार करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह, जमरानी बांध परियोजना के उप महाप्रबंधक ललित कुमार सहित यूयूएसडीए, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, विद्युत विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours