अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश
भीमताल । राज्य अतिथि गृह नैनीताल में जनपद नैनीताल के प्रभारी सचिव चंद्रेश यादव ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनोपयोगी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए जनहित में कार्य करना सुनिश्चित करें तथा सरकारी योजनाओं को व्यक्तिगत रुचि लेते हुए धरातल तक पहुंचाया जाए।
प्रभारी सचिव ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जो पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं से जोड़ते हुए लाभान्वित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका है, इसके लिए क्षेत्र पंचायत बैठकों में विभागीय अधिकारी अपनी योजनाओं की जानकारी साझा करें।
रीप परियोजना की समीक्षा के दौरान सचिव ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिला समूहों को इस योजना से जोड़ते हुए ग्रामीण आजीविका को बढ़ाया जाए। प्रशिक्षण के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा में पंडित दीन दयाल होम स्टे योजना एवं वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना के अंतर्गत संचालित होम स्टे का सत्यापन कराने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए। सचिव ने कहा कि पर्यटन विभाग की योजनाओं का वास्तविक लाभ स्थानीय लोगों को ही मिलना चाहिए। इस दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने मानस मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंचीधाम एवं मां नैना देवी मंदिर में चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
बाल विकास विभाग की समीक्षा में सचिव ने कहा कि भविष्य में बनने वाले प्राथमिक विद्यालय परिसरों में ही आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जाएगा। शिक्षा एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए गए कि आंगनबाड़ी और विद्यालयों के बच्चों का आपसी शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए। प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में क्रीड़ा स्थल विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में निर्मित 73 सामुदायिक शौचालयों के नियमित संचालन, पानी व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा में आठ विद्यालयों में स्थापित स्टेम लैब का लाभ अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी दिलाने के लिए वार्षिक शैक्षणिक भ्रमण कैलेंडर जारी करने के निर्देश मुख्य शिक्षा अधिकारी को दिए गए।
प्रभारी सचिव ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कर समय से उपभोग प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे शासन एवं केंद्र सरकार से अतिरिक्त धनराशि समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने कृषि, उद्यान सहित अन्य विभागों को किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त नैनीताल नगर के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट हेतु पटवाडांगर में चयनित भूमि के प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई, सड़कों की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट सुधार तथा भीमताल स्थित सिडकुल पार्क में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान रानीबाग स्थित वन विभाग के रेस्क्यू सेंटर में कार्यरत कर्मचारी बहादुर साह के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की भी बात कही गई।
इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने प्रभारी सचिव का स्वागत करते हुए जिले में संचालित विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया तथा दिए गए निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का आश्वासन दिया। बैठक में उप जिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला पंचायतराज अधिकारी सुरेश बैनी, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours