भीमताल विधानसभा के पर्वतीय क्षेत्रों में बाघ का आतंक, कांग्रेस ने उठाई सोलर लाइट व फेंसिंग की मांग

Estimated read time 1 min read





भीमताल। विधानसभा भीमताल के संपूर्ण पर्वतीय क्षेत्र में बाघ के बढ़ते आतंक से आमजन भय के साए में जीवन यापन करने को मजबूर है। यह कहना है भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा का। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई हिस्से डार्क जोन घोषित किए जाने योग्य हैं तथा अनेक आबादियां जंगल से सटी हुई हैं, जहां सोलर लाइट एवं सोलर फेंसिंग की नितांत आवश्यकता है।
शर्मा ने आरोप लगाया कि वन विभाग को बार-बार अवगत कराने के बावजूद आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता होते हुए भी जरूरत के अनुसार व्यवस्थाएं नहीं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पूरी विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं, जहां जगह-जगह लोग भयावह स्थिति में जीवन जीने को विवश हैं। प्रकाश व्यवस्था के अभाव में रात के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि बाघ का आतंक लोगों की आजीविका को भी गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि शासन-प्रशासन के अधिकारी बजट की कमी का हवाला दे रहे हैं, लेकिन इस प्रकार की त्रासदी के समय यदि सरकार के पास जनता की सुरक्षा के लिए संसाधन नहीं हैं, तो यह अत्यंत निराशाजनक विषय है।
उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में डार्क जोन एवं जंगल से सटी आबादी का चिन्हीकरण कर, पूरी विधानसभा का क्लस्टर बनाते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति के घर पर सोलर लाइट एवं सोलर फेंसिंग से संतृप्त करने की मांग को लेकर कांग्रेसजनों का एक शिष्टमंडल उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेड़ा) के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी से मिला तथा ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
शिष्टमंडल में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा, पूर्व ग्राम प्रधान बबियाड़ (धारी) युगल किशोर पलड़िया, युवा कांग्रेस नेता सूरज दानी सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours