भीमताल। विधानसभा भीमताल से वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मुख्यमंत्री के हालिया दौरों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के “हवा-हवाई” दौरों से जनता को कोई राहत नहीं मिल रही, बल्कि हल्द्वानी से लेकर पहाड़ तक आमजन परेशान है।
कांग्रेस नेता शर्मा ने जारी बयान में कहा कि पूरी भीमताल विधानसभा इस समय बाघ के आतंक से त्रस्त है। आए दिन हो रहे हमलों से लोग दहशत में हैं, लेकिन सरकार गंभीरता से समस्या का समाधान करने के बजाय केवल औपचारिक दौरों और पिकनिक तक सीमित है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही, जिससे स्कूली बच्चों से लेकर आम नागरिकों तक को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को बाघ हमलों के शिकार परिवारों के घर जाकर उन्हें सांत्वना देनी चाहिए थी और वन विभाग के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राहत व सुरक्षा की ठोस योजना बनानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। वीआईपी मूवमेंट और कैंप संस्कृति के चलते अधिकारी-कर्मचारी जनता की समस्याएं सुलझाने के बजाय सरकार की खातिरदारी में जुटे रहे।
शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे से भीमताल विधानसभा की जनता को परेशानी के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जमरानी बांध परियोजना में जब सारा खेल हो चुका और बाहरी लोग व वाहन लग चुके, तब दौरा किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं मिला, केवल झूठे आश्वासन दिए गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता यह समझ नहीं पा रही है कि प्रदेश में वास्तव में सरकार चल रही है या माफियाओं का गिरोह सरकार को निर्देशित कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक वर्तमान में शोक में हैं, इसलिए उनके विषय में कुछ नहीं कहा जा रहा, लेकिन अन्य भाजपा नेताओं को चाहिए था कि वे भीमताल विधानसभा में चरमराए सरकारी सिस्टम की सच्चाई मुख्यमंत्री के सामने रखते। उन्होंने जल जीवन मिशन में हुए कथित भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया और कहा कि यह किसी से छिपा नहीं है, लेकिन भ्रष्टाचारियों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पूरा तंत्र भ्रष्टाचार की चपेट में है और सरकार चुनावी लाभ के लिए मुद्दों को भटका रही है, जबकि जनता आदमखोर बाघों का शिकार बन रही है और सिस्टम खामोश है।

+ There are no comments
Add yours