सोमवार को लापता महिला का शव मंगलवार को हुआ बरामद
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपा चेक
भीमताल । भीमताल के जूनस्टेट स्थित जंगल में सोमवार की सुबह जंगल घास कटाने गई गंगा देवी (55) पत्नी राजेंद्र प्रसाद को वन्य जीव ने अपना शिकार बना लिया। चौबीस घंटे बाद मंगलवार की सुबह जून स्टेट के जंगल में महिला का शव क्षत विक्षत हालत में पड़ा मिला। घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर शव भीमताल सीएचसी भेजा। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा के आदेश पर शव का पोस्टमार्टम भीमताल सीएचसी में कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। एसडीओ ममता चंद और वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने मृत महिला के बेटों को दस लाख का चेक सौंपा। वन विभाग की ओर से जंगल में पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही दो डॉक्टरों की टीम वन्य जीव को ट्रैंकुलाइज करने में जुट गई है। महिला की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। साथ ही लोगों में दहशत बनी हुई है। विधायक राम सिंह कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों से वन्य जीव को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। साथ ही क्षेत्र में गश्त कर लोगों में दहशत खत्म करने को कहा है। भीमताल की चेयरमैन सीमा टम्टा और पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया ने कहा कि क्षेत्र में तेंदुए और बाघ के दिखाई देने से लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों घरों से बाहर अकेले नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से तेंदुओं और बाघ को पकड़ने की मांग की है। समाजसेवी नितेश बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया, सभासद रामपाल सिंह गंगोला, जंगलियागांव की ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने कहा कि तेंदुए हमले कर लोगों को मार रहे हैं। लेकिन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी है। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि वन्य जीव को ट्रैंकुलाइज करने के लिए दो डॉक्टर लगाए गए हैं। साथ ही पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। विभाग के कर्मचारी क्षेत्र में गश्त कर लोगों से अकेले घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील कर रहे हैं।


+ There are no comments
Add yours