भीमताल । राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार हल्द्वानी में वरिष्ठ नागरिकों द्वारा वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उत्तराखंड, शिक्षा विभाग, खेल विभाग, जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर नवीन वर्मा ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं से नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने तथा खेल गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने उपस्थित प्रतिभागियों एवं दर्शकों को निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान के प्रति जागरूक करते हुए बिना किसी प्रलोभन के मतदान करने की शपथ दिलाई। साथ ही प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में नैनीताल टाइगर्स टीम ने विजेता और अल्मोड़ा वारियर्स टीम ने उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नवीन वर्मा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, राहुल आर्य (सहायक समाज कल्याण अधिकारी), अनुज, विष्णु सक्सेना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours