कैंचीधाम बाईपास का मुख्यमंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण, यात्रा सीजन से पूर्व कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने नैनीताल भ्रमण के दौरान जिले की प्रमुख परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन हेतु देश-विदेश से श्रद्धालु वर्ष भर कैंचीधाम पहुंचते हैं, ऐसे में श्रद्धालुओं को सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग में से 8 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूर्ण कर हॉटमिक्स कार्य भी किया जा चुका है, जिसके लिए विभाग को 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी।
उन्होंने बताया कि शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग के लिए 5 करोड़ 6 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई, जिससे कटिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारें तथा अन्य कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही इस बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है, जिससे पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर बाईपास मार्ग को यातायात के लिए संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क एवं शिप्रा नदी पर निर्मित 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बाईपास से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और पर्यटन सीजन में पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में लगे मजदूरों से संवाद कर उनके हालचाल भी जाने। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने हालिया बर्फबारी को देखने पहुंचे पर्यटकों से भी बातचीत की। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए किसी भी प्रकार की असुविधा न होने की बात कही।
इस दौरान माननीय दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours