धामी सरकार की जनकल्याणकारी पहल: बैलपड़ाव में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर सम्पन्न

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सुनीं जनता की समस्याएं, 215 मामलों का मौके पर समाधान

500 से अधिक लोगों को मिला शिविर का सीधा लाभ

भीमताल । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आमजन को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जनपद नैनीताल के विकासखंड कोटाबाग की न्याय पंचायत बैलपड़ाव स्थित सिंचाई डांक बंगला में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र व्यक्तियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनीं और 215 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शेष शिकायतों का भी त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। कृषिप्रधान क्षेत्र होने के कारण शिविर में सिंचाई, जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त विद्युत, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि एवं आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं भी रखी गईं।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसी उद्देश्य से बहुद्देशीय शिविरों के माध्यम से प्रशासन जनता के द्वार पहुंच रहा है।
शिविर में आधार कार्ड संशोधन एवं नए आधार कार्ड बनाए जाने में आ रही दिक्कतों को लेकर कोटाबाग एवं चकलुवा में आधार केंद्र खोले जाने की मांग रखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कालाढूंगी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि कुर्रे, पैमाइश एवं बंद सार्वजनिक मार्गों से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कालाढूंगी को निर्देश दिए कि भूमि संबंधी प्रकरणों का प्रत्येक शनिवार तहसील स्तर अथवा मौके पर जाकर निस्तारण किया जाए। कालाढूंगी बाजार क्षेत्र में मेथी शाह नाला पर अतिक्रमण की शिकायत पर तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
किसान सम्मान निधि से वंचित पात्र किसानों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि केवाईसी सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रत्येक पात्र किसान को योजना का लाभ दिलाया जाए। सिंचाई नहरों एवं गूलों की मरम्मत के लिए राजकीय, लघु सिंचाई एवं नलकूप विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जंगली एवं आवारा पशुओं से फसल नुकसान की रोकथाम के लिए वन विभाग, उरेडा एवं कृषि विभाग को आगामी जिला योजना में सोलर फेंसिंग, चैन लिंक फेंसिंग एवं सोलर लाइट के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। भू-कटाव की समस्या पर सिंचाई विभाग को प्रस्ताव बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया।
क्षतिग्रस्त सड़कों, पैदल मार्गों, विद्यालयों की मरम्मत, शौचालय निर्माण एवं अध्यापक तैनाती को लेकर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही के निर्देश दिए गए। विद्युत पोल, झुके तार, ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतों पर विद्युत विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए गुणवत्ता सुधार एवं वर्षा से पूर्व सभी जर्जर पोल बदलने के निर्देश दिए गए।

शिविर में विभागीय लाभ :

शिविर का लाभ लगभग 500 लोगों ने लिया।
स्वास्थ्य विभाग ने 93 लोगों का उपचार कर निशुल्क दवा वितरित की।
आयुर्वेदिक विभाग ने 129 व होम्योपैथी ने 56 लोगों का उपचार किया।
कृषि विभाग ने 30 किसानों की किसान सम्मान निधि समस्या हल की एवं 20 किसानों को कृषि यंत्र वितरित किए।
पशुपालन विभाग ने 30 पशुपालकों को लाभ दिया।
उद्यान विभाग ने 16 किसानों को बीज वितरित किए।
समाज कल्याण विभाग ने 25 लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए।
श्रम विभाग ने 20 श्रमिकों का पंजीकरण किया।
सेवायोजन विभाग में 12 रोजगार आवेदन पंजीकृत हुए।
आधार कैंप में 23 आधार संशोधित/निर्मित किए गए।
महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा 3500 रुपये की उत्पाद बिक्री की गई।
शिविर में विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख कोटाबाग मनीषा जंतवाल, नगर पालिका अध्यक्ष कालाढूंगी रेखा कत्यूरा, उपजिलाधिकारी कालाढूंगी विपिन चंद्र पंत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

You May Also Like

+ There are no comments

Add yours