बबियाड़ में दो दिवसीय उत्तरायणी कौतिक महोत्सव संपन्न, विधायक कैड़ा ने किया समापन

Estimated read time 1 min read





भीमताल। धारी ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा बबियाड़ के टपूवा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित दो दिवसीय उत्तरायणी कौतिक महोत्सव का भव्य समापन मुख्य अतिथि विधायक राम सिंह कैड़ा ने किया। महोत्सव के दूसरे दिन हजारों की संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से आयोजन स्थल सांस्कृतिक रंगों में सराबोर रहा।
समापन अवसर पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने आयोजक मंडल को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि उत्तरायणी जैसे पारंपरिक पर्व हमारी लोकसंस्कृति और पहचान के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य होता है, जिसे निरंतर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान लोकगायकों और सांस्कृतिक दलों ने कुमाऊनी व गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिस पर दर्शक देर तक झूमते रहे। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने आयोजन में सहयोग के लिए विधायक कैड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
उधर, ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम गलनी त्रिवेणी संगम खनश्यूं में भी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष तीन दिवसीय उत्तरायणी कौतिक महोत्सव का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया गया। महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन लोकपरंपराओं को सहेजने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आई सांस्कृतिक टीमों ने कुमाऊनी और गढ़वाली गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, जिला पंचायत प्रतिनिधि प्रकाश चंद्र नानू, कृपाल मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours