भीमताल । एडीबी वित्त पोषित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) के अंतर्गत हल्द्वानी नगर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की शुक्रवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में जुटी सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता, पारदर्शिता, मितव्ययिता और आपसी समन्वय के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही स्थानीय नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी मानसून से पूर्व सड़क, मार्ग एवं खुदाई से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आवश्यकतानुसार मैनपावर बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कें अधिक समय तक खुदी न रहें, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए।
बैठक के दौरान एडीबी अधिकारियों ने निर्माण सामग्री ढोने वाले बड़े वाहनों के नगर में प्रवेश की अनुमति न मिलने से कार्य प्रभावित होने की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को निर्देश दिए कि सुरक्षा व यातायात मानकों के अनुरूप विभिन्न प्रतिबंधों के तहत शीघ्र अनुमति प्रदान की जाए, ताकि विकास कार्य बाधित न हों।
जिलाधिकारी ने परियोजना क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को अनिवार्य बताते हुए चेतावनी बोर्ड, बैरियर आदि लगाने के निर्देश दिए। देवखड़ी नाले में प्रस्तावित सुरक्षात्मक कार्यों से पूर्व नाले से मलवा व बोल्डर हटाने के लिए प्रभागीय वनाधिकारी और परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए को वर्षा ऋतु से पहले सफाई और आवश्यक कार्य पूर्ण कराने को कहा गया।
उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों का समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति से अवगत कराएं। तीनपानी से होंडा शोरूम, होंडा शोरूम से मंगल पड़ाव, कालाढूंगी चौराहे से कठघरिया सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क बाइंडिंग, चौड़ीकरण और पूर्व से चिन्हित अतिक्रमण हटाने के संबंध में संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि कार्यों में धीमी प्रगति पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में यूयूएसडीए के परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि परियोजना अंतर्गत सभी कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 136 किलोमीटर सड़क रेस्टोरेशन, 389 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। 15,459 घरों को पेयजल संयोजन से जोड़ा गया है। 66 किलोमीटर सीवरेज कार्य, 2,960 मैनहोल और 4,999 चैंबर का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा जमरानी बांध परियोजना के तहत नगर में सिंचाई नहर चौड़ीकरण और विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, जमरानी बांध परियोजना के उप महाप्रबंधक ललित कुमार समेत यूयूएसडीए, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours