ग्रामीणों का विश्वास जीतकर सामूहिक प्रयासों से ही वनाग्नि पर पाया जा सकता है नियंत्रण : जिलाधिकारी रयाल

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिला स्तरीय वनाग्नि सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को विकास भवन भीमताल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की। बैठक में आगामी वनाग्नि काल 2025–26 के लिए तैयार की गई कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग एवं विश्वास अत्यंत आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही वनाग्नि पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने जनजागरूकता, जनसहभागिता तथा विभिन्न विभागों और स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल ने आगामी वनाग्नि काल के दृष्टिगत जिले में वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम हेतु तैयार कार्ययोजना से अवगत कराया। बताया गया कि वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाएगी, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं तथा वन समितियों, महिला समूहों, विभिन्न संगठनों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों को साथ जोड़ते हुए नियमित रूप से जागरूकता बैठकें एवं कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि वनाग्नि रोकथाम के लिए स्थानीय वन समितियों, युवक एवं महिला मंगल दलों, आपदा मित्रों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय किया जाए। पुरानी फायर लाइनों की सफाई का कार्य शीघ्र पूरा करने के साथ ही जहां नई फायर लाइन का निर्माण प्रस्तावित है, उसे वनाग्नि काल से पूर्व पूर्ण किया जाए। इसके अलावा कंट्रोल बर्निंग का कार्य 15 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चीड़ के जंगलों से पिरूल संग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इस कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। जिला विकास अधिकारी को महिला समूहों की सूची शीघ्र वन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिरूल संग्रहण के साथ-साथ उसका समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर कॉम्पेक्टर स्थापित कर पिरूल के ब्लॉक तैयार किए जाएं, जिससे महिला समूहों की आय में भी वृद्धि हो सके। गत वर्ष बेहतर कार्य करने वाले महिला समूहों को प्रोत्साहित करने तथा पिरूल निस्तारण के लिए शीघ्र कॉम्पेक्टर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने वन विभाग को निर्देश दिए कि वनाग्नि रोकथाम एवं घटनाओं को न्यूनतम करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल आकाश गंगवार, रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours