प्रमाण पत्रों में देरी व कमजोर वसूली पर सख्ती, डीएम ने दिए कड़े निर्देश

Estimated read time 1 min read





भीमताल । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए राजस्व विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित समय पर प्रमाण पत्र जारी करने, पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण तथा लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व वसूली की प्रगति पर विशेष चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि सभी संग्रह अमीनों की व्यक्तिगत कार्यकुशलता की समीक्षा की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन संग्रह अमीनों की वसूली जनपदीय औसत से कम पाई जाएगी, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
आरसी (Revenue Collection) वसूली की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन बैंकों की वसूली 79 प्रतिशत से कम है, उनके बैंकर्स के साथ बैठक आयोजित कर प्रभावी रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि आरसी जारी होने के बाद वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) से संबंधित मामलों में नियमानुसार 10 प्रतिशत धनराशि राजकोष में जमा कराना सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों का पालन न करने वाले बैंकर्स की आरसी तत्काल वापस करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेताया कि वसूली कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ कार्य करें।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सेवा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत आने वाली सेवाओं की तहसील स्तर पर नियमित समीक्षा कर सभी सेवाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तीन माह से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा। साथ ही गुणवत्तापूर्ण व त्रुटिरहित निर्णय सुनिश्चित करने के लिए माननीय न्यायालयों के निर्णयों के अध्ययन पर भी जोर दिया।
उन्होंने लंबित मजिस्ट्रियल जांचों को भी समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश सभी मजिस्ट्रेटों को दिए।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के आधार पर किया जाए। आबकारी विभाग की समीक्षा में उन्होंने जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री एवं संचरण पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश देते हुए आबकारी निरीक्षकों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours