मटमैले पानी की शिकायत पर कुमाऊँ आयुक्त सख्त, पेयजल गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता

Estimated read time 0 min read





शीशमहल फिल्टरेशन प्लांट का किया निरीक्षण, समयबद्ध सुधार के निर्देश

भीमताल । हल्द्वानी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में गोला नदी से आपूर्ति हो रहे मटमैले पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने बुधवार को उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के उपरांत उन्होंने शीशमहल स्थित पेयजल फिल्टरेशन प्लांट का निरीक्षण कर जल शुद्धिकरण व्यवस्था का जायजा लिया।
कुमाऊँ आयुक्त ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित बैठक में जल संस्थान, राजकीय सिंचाई विभाग एवं जमरानी बांध परियोजना के अधिकारियों से समस्या के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बलिया नाला ट्रीटमेंट परियोजना एवं बहुउद्देश्यीय जमरानी बांध परियोजना दीर्घकालिक योजनाएं हैं, जिन पर वर्ष 2029 तक कार्य किया जाना है। इन परियोजनाओं के अंतर्गत गोला नदी से हल्द्वानी नगर को पेयजल की आपूर्ति की जाती है, इसलिए तीनों विभाग आपसी समन्वय से नगरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी सुधारात्मक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने वर्षा ऋतु एवं निर्माण कार्यों के दौरान टर्बिडिटी की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में पेयजल संकट उत्पन्न न हो। बैठक के बाद कुमाऊँ आयुक्त ने शीशमहल स्थित पेयजल फिल्टरेशन प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल शुद्धिकरण प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने, क्लोरीन एवं फिटकरी का नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने तथा पूरी प्रक्रिया का समुचित डॉक्यूमेंटेशन करने के निर्देश दिए, जिससे व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।
प्लांट परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को तत्काल अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा एवं संचालन व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल सक्सेना, जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश कुमार खरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours