भीमताल। गत दिनों अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी द्वारा नैनीताल जनपद में रात्रि विश्राम कार्यक्रम के तहत चौपाल का आयोजन किया गया था। चौपाल में ग्रामीणों ने कृषि भूमि को जंगली जानवरों से बचाने तथा बंदरों द्वारा खेती को भारी नुकसान पहुंचाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर अपर जिलाधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से एसीएफ नैनीताल को बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने तथा आवश्यक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद पंद्रह दिन बीत जाने के बाद भी ग्राम पंचायत क्षेत्र में वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल द्वारा वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी से भी बंदरों को पकड़ने की मांग की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कार्रवाई न होने से ग्रामीण काश्तकारों में जबरदस्त रोष व्याप्त है।
इधर, ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें वन विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो रेंज कार्यालय भवाली का घेराव किया जाएगा। बैठक में राजेंद्र सिंह कुल्याल, नारायण सिंह कुल्याल, मनोज कुमार सिंह, चंदन सिंह कुल्याल, बालम सिंह कुल्याल, हरेंद्र सिंह कुल्याल, देव सिंह कुल्याल, बीरेंद्र सिंह कुल्याल, त्रिलोक सिंह कुल्याल, मदन सिंह कुल्याल, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष कमल कुल्याल, प्रेम सिंह कुल्याल, नवीन कुल्याल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours