अधिवक्ता से मारपीट में पुलिस पर उदासीनता का आरोप

Estimated read time 0 min read





शिकायत दर्ज न होने पर अधिवक्ता संघ ने आंदोलन की चेतावनी

भीमताल। जिला न्यायालय में कार्यरत अधिवक्ता गजेंद्र सिंह मेहरा ने मारपीट के मामले में पुलिस पर गंभीर उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सचिव को लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए न्याय की मांग की है।
शिकायत में अधिवक्ता ने बताया कि बीते शुक्रवार की शाम न्यायिक कार्य निपटाने के बाद वह अपने गांव मंगोली स्थित घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचते ही किशन सिंह नामक व्यक्ति ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वह जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
अधिवक्ता का आरोप है कि हमलावर ने न्यायालय से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज व प्रपत्र फाड़ दिए, उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया तथा सोने की अंगूठी और चेन छीन ली। इसके साथ ही उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई, इसके बावजूद अगले दिन शनिवार को मंगोली चौकी पहुंचने पर पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद नैनीताल कोतवाली पहुंचने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
अधिवक्ता ने पुलिस की निष्क्रियता पर कड़ा रोष जताते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस घटना को लेकर अधिवक्ता संघ में भी नाराजगी है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द शिकायत दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो मल्लीताल कोतवाली के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।




You May Also Like

+ There are no comments

Add yours