भीमताल। ओखलकांडा ब्लॉक के भेटी–दियारखोली से गडूडा तक लंबे समय से प्रतीक्षित मोटर मार्ग के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस मार्ग के निर्माण पर कुल 3 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत आएगी। यह जानकारी भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने दी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीण वर्षों से मोटर मार्ग की मांग कर रहे थे। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए तीन से चार किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता था। साथ ही, अपने कृषि उत्पादों को घोड़ों या सिर पर ढोकर मुख्य सड़क तक लाना मजबूरी बन गया था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत संबंधित अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से मोटर मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।
विधायक की पहल पर मुख्यमंत्री द्वारा भेटी–दियारखोली से गडूडा तक 3.50 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 3 करोड़ 58 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद ग्रामीण निर्माण विभाग (RWD) द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही मोटर मार्ग निर्माण का कार्य आरंभ किया जाएगा।
मोटर मार्ग की स्वीकृति से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने विधायक राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर विधायक कैड़ा ने कहा कि प्रत्येक गांव को मुख्य सड़क से जोड़ना उनका संकल्प है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

+ There are no comments
Add yours