भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के पस्तोला, भटेलिया, मलूवाताल, कसायल, जाला, पिनरो, त्योंना, जाबर सहित अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल और सड़क से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा।
विधायक कैड़ा ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल लाइन निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराने के आदेश दिए गए।
विधायक कैड़ा ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से लगातार गांव-गांव जाकर जनसमस्याओं का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन गांवों में अभी तक सड़क सुविधा नहीं है, उन्हें पीएमजीएसवाई फेज-4 के तहत सड़क से जोड़ने के लिए प्रस्ताव भेज दिए गए हैं। शीघ्र ही इन गांवों में भी मोटर मार्ग निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

+ There are no comments
Add yours