भीमताल। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत चौपाल एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नैनीताल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा मौके पर ही कई मुद्दों के समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
अपर जिलाधिकारी ने सायं काल मेरा गांव मेरी सड़क योजना, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत घर सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके पश्चात आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने अपर जिलाधिकारी को पंचायत घर के नीचे बरसात के कारण भू-स्खलन से गिरी दीवार के पुनर्निर्माण, जंगलिया गांव–बूढ़ा धूरा मोटर मार्ग को पक्का करने, राजकीय इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग खोलने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु फेंसिंग कार्य, जंगल किनारे निवास कर रहे परिवारों को सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने तथा वन विभाग के माध्यम से बंदरों को पकड़वाने सहित अन्य मांगों से अवगत कराया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी भीमताल सहित विभिन्न रेखीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा महेंद्र सिंह पड़ियार, सतीश चंद्र भट्ट, हरीश चंद्र भट्ट, त्रिलोक सिंह, त्रिलोक सिंह कुल्याल, लक्ष्मण सिंह कुल्याल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज कुल्याल, मीना कुल्याल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए रखी गई मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम का संचालन प्रेम सिंह कुल्याल द्वारा किया गया।

+ There are no comments
Add yours