अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक सभागार में आयोजित बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। बैठक में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत समस्याओं को विधायक एवं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा।
विधायक कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। विधायक ने अधिकारियों को अगली बीडीसी बैठक तक समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।
विधायक कैड़ा ने अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों को गति देने और जनता से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जानकारी दी कि जिला योजना के अंतर्गत ओखलकांडा ब्लॉक सभागार निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिस पर कार्य प्रगति पर है। विधायक ने सभागार निर्माण कार्य को शीघ्र और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विधायक ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि गांवों के विकास कार्यों और समस्याओं के समाधान की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। बैठक में ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य डीकर मेवाड़ी, बहादुर नदगली, प्रमोद कोटलिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधानगण, डीडीओ नैनीताल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

+ There are no comments
Add yours