भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक अंतर्गत विभिन्न गांवों में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और आपदा से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बुधवार को सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता से मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से मिले सुझावों के आधार पर आवश्यक स्थलों पर सिंचाई टैंक, गूल निर्माण व जीर्णोद्धार के लिए व्यापक स्थलीय सर्वे कर क्लस्टर योजना तैयार करने की मांग की।
शर्मा ने कहा कि लगातार क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने कई ऐसे स्थान चिन्हित कराए हैं, जहां सिंचाई की बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं। विभिन्न गांवों में सिंचाई टैंक और गूल निर्माण से किसानों व काश्तकारों को सिंचाई विभाग की योजनाओं का सीधा लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि बीते महीनों में आई आपदा के दौरान कई स्थानों पर किसानों की खेती योग्य भूमि बह गई, जिससे भारी भू-कटाव हुआ है। इस संबंध में बार-बार संबंधित अधिकारियों से बाढ़ व भू-कटाव सुरक्षा कार्य कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भू-कटाव से प्रभावित क्षेत्रों में किसानों के सामने भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि ऐसे स्थानों पर बिना देरी के बाढ़ सुरक्षा एवं भू-कटाव रोकथाम के कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किए जाएं और इसमें किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।

+ There are no comments
Add yours