भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के ग्राम पंचायत खुर्पाताल में ग्राम सभा की पहली खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्राम पंचायत का बजट जनता के समक्ष रखा गया और विभिन्न विकास योजनाओं को सर्वसम्मति से पारित किया गया। खुली बैठक को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
खुली ग्राम सभा में विधायक सरिता आर्य, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट तथा जिला पंचायत उपाध्यक्षा देवकी बिष्ट ने ग्रामीणों के बीच बैठकर सहभागिता की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
बैठक में पूरी न्याय पंचायत खुर्पाताल के सभी ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने मोटर मार्ग, पंचायत भवन नवनिर्माण, खेल मैदान के सुधारीकरण सहित विभिन्न मांगें रखीं, जिन पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया।
खुली बैठक में समाज कल्याण पेंशन, मनरेगा, कृषि, स्वास्थ्य, उद्यान, खाद्य विभाग, जल संस्थान सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया गया। खेल मैदान को लेकर चल रहे विवाद पर स्पष्ट किया गया कि ग्राम पंचायत की भूमि पर स्थित खेल मैदान ग्राम पंचायत की संपत्ति रहेगा और उस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। लघु सिंचाई विभाग को गुल मरम्मत के निर्देश दिए गए।
विधायक सरिता आर्य ने ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के लिए चार लाख रुपये की घोषणा की। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान खुर्पाताल हंसी नेगी ने की, जबकि संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रेमा मेहरा, भारती मेहरा, जानकी कोटलिया, गोविंद अधिकारी, कीर्ति आर्य, खुशाल बिष्ट, हेम बहुखंडी, योगेश्वर सिंह, बीडीसी मुकेश मेहरा, चित्रा पंत, कंचन राठौर, सूरज अधिकारी, निशा मेहरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours