भीमताल । जमरानी बांध परियोजना कार्यालय में सोमवार को पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री और प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तीखा धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलनकारी केदार पलड़िया, लाखन सिंह रॉकी बृजवासी, क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्मेंद्र शर्मा, हरीश पलड़िया, नवीन पांडे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मातृशक्ति प्रदर्शन में शामिल रहे।
पनेरु ने कहा कि ग्रामीणों ने एक सप्ताह पूर्व ही घेराव कर आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने बताया कि स्थानीय मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब ग्रामीणों ने सिंचाई विभाग के प्रोजेक्ट मैनेजर और कंपनी प्रबंधन को अनियमितताओं पर खरी-खोटी सुनाई। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए एसआई गणेश राणा और पुलिस बल ने मोर्चा संभाला तथा वार्ता की प्रक्रिया शुरू करवाई।
पुलिस की मौजूदगी में हुई प्रारंभिक बातचीत के बाद यह सहमति बनी कि आज दोपहर बाद एडीएम नैनीताल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में स्थानीय लोगों को रोजगार की गारंटी, डूब क्षेत्र के सभी वाहनों को कार्य में लगाने, सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं को दूर करने सहित जनसमस्याओं पर निर्णायक मंथन किया जाएगा।
आंदोलन में हिमांशु महरा, तारा दत्त पांडे, मंजू महरा, इंदिरा मेहरा, पूर्व प्रधान भगवती देवी, सरपंच डहरा भावना बिष्ट, हरीश पलड़िया, नवीन पांडे, धर्मेंद्र शर्मा, लक्ष्मी दत्त पलड़िया, संजय पलड़िया, विकास पांडे आदि उपस्थित रहे।

+ There are no comments
Add yours