हरीश पनेरु के हस्तक्षेप के बाद तारा दत्त पांडे का धरना समाप्त
भीमताल । जमरानी बांध क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर लगातार उठ रही शिकायतों के बीच पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने आज मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पनेरु ने आरोप लगाया कि सड़क का निर्माण घटिया तरीके से किया जा रहा है और डामरीकरण के दौरान भारी खनन वाहनों की आवाजाही से सड़क की गुणवत्ता पर और प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े वाहनों को निर्माण अवधि के दौरान प्रतिबंधित किया जाना चाहिए, लेकिन प्रशासन के द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
इसी मुद्दे को लेकर श्री तारा दत्त पांडे द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। पनेरु ने स्थल पर पहुंचकर पांडे को स्थिति से अवगत कराते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को प्रशासन के संज्ञान में लाकर ठोस कार्रवाई करवाई जाएगी। पनेरु ने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा, लेकिन जनता की उचित मांगों को किसी भी हाल में अनदेखा नहीं होने दिया जाएगा। पनेरु के समझाने पर तारा दत्त पांडे ने अपना धरना समाप्त करने पर सहमति जताई। पनेरु ने भरोसा दिलाया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक सहित सभी मुद्दों पर प्रशासन को मजबूती से अवगत कराया जाएगा और समाधान तक लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

+ There are no comments
Add yours